Edited By Punjab Kesari, Updated: 07 Sep, 2017 10:43 PM
शिमला की 103 टनल के समीप बीती रात 2 बजे के करीब एक सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, वहीं कार में सवार दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है।
शिमला: शिमला की 103 टनल के समीप बीती रात 2 बजे के करीब एक सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, वहीं कार में सवार दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। व्यक्ति का आई.जी.एम.सी. में इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार हादसा देर रात उस समय हुआ जब एक कार सोलन से शिमला आ रही थी। इस दौरान टनल के समीप कार असंतुलित होकर सड़क से नीचे रेलवे ट्रैक पर जा गिरी। कार में 2 लोग सवार थे। हादसे में मृतक की पहचान राजेश कंवर (52) निवासी बल्देयां के रूप में हुई है, वहीं घायल की पहचान सिरमौर के शिलाई निवासी दिग्विजय के तौर पर हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
घायल को आई.सी.यू. में नहीं मिला बैड
हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए दिग्विजय को आई.जी.एम.सी. में दोपहर एक बजे तक भी आई.सी.यू. में नहीं रखा गया जबकि घायल की हालत बहुत गंभीर थी। दिनभर घायल के परिजन उसे हाथ से ऑक्सीजन देते रहे। परिजनों ने कैज्यूलिटी में सेवाएं दे रहे चिकित्सकों को उसे आई.सी.यू. में रखने के लिए भी कहा लेकिन वे भी लाचार व मजबूर दिखाई दिए क्योंकि आई.सी.यू. में कोई भी बैड खाली नहीं था। घायल के परिजनों सोहन सिंह व विक्की ने आरोप लगाया है कि आई.जी.एम.सी. सिर्फ नाम का ही बड़ा अस्पताल है। एक गंभीर रूप से घायल मरीज के लिए आई.सी.यू. में एक बैड तक नहीं है, ऐसे में यदि उनके भाई की मौत हो जाती है तो इसका जिम्मेदार कौन होगा। उन्होंने चिकित्सक पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।