Edited By Punjab Kesari, Updated: 05 Jul, 2017 03:16 PM
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हिमाचल के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर हमला बोला है।
नाहन: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हिमाचल के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर हमला बोला है। उन्होंने सतीवाला में भाजपा की परिवर्तन यात्रा के समापन समारोह के अवसर पर विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश से आया हूं, लेकिन खाली हाथ नहीं आया हूं, बल्कि वहां की 7 करोड़ जनता की शुभकामनाएं लाया हूं, ताकि यहां भी भाजपा की सरकार सत्ता में आए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को बेल पर नहीं जेल में होना चाहिए। वहीं मुख्यमंत्री की सीबीआई द्वारा जांच किए जाने से हिमाचल की नाक उन्होंने कटवा दी है। उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता मेहनत और पसीने से कमाती है। वहीं यहां की सरकार जनता को लूटकर अपना खजाना भर रही है।
हिमाचल की शान 'हिमाचली टोपी' का भाजपा करती है सम्मान
शिवराज ने कहा कि हिमाचल की शान 'हिमाचली टोपी' का भाजपा सम्मान करती है। उन्होंने मोदी सरकार की उपलब्धियों को भी गिनवाया। उन्होंने आहवान किया कि आने वाले विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनवाएं, क्योंकि मैं दांवे के साथ कह सकता हूं कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश सहित हिमाचल भी विकास के क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ राज्य बनकर उभरेगा। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश प्रभारी मंगल पांडे ने कहा कि हिमाचल में यहां एक ऐसा राजा बैठा है, जिसे जनता के दुख दर्द से कोई समझौता नहीं है। इसलिए उन्होंने लोगों से आहवान किया कि अब समय आ गया है कि राजा वीरभद्र को उखाड़ फैंकना है। उन्होंने कहा कि राजनीति में गुंडागर्दी कतई स्वीकार नहीं है। ऐसे ही बेल पर चल रहा मुख्यमंत्री भी जनता को स्वीकार नहीं है।