Edited By Punjab Kesari, Updated: 27 May, 2017 02:09 AM
संतोषगढ़ नगर में एक नाबालिग लड़की से छेड़खानी का मामला सामने आया है।
संतोषगढ़: संतोषगढ़ नगर में एक नाबालिग लड़की से छेड़खानी का मामला सामने आया है। संतोषगढ़ पुलिस चौकी से प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर के वीरभद्र चौक में दुकान करने वाले एक व्यक्ति की बेटी घर जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थी कि अचानक उसकी बस निकल गई। बस पकडऩे के लिए वह किसी अज्ञात बाइक सवार के साथ बैठ कर चल पड़ी। अचानक संतोषगढ़ पुल के पास बाइक सवार ने उससे छेडख़ानी करनी शुरू कर दी। उसके विरोध करने के बावजूद जब बाइक सवार ने छेडख़ानी करना बंद नहीं की तो लड़की ने चलती बाइक से छलांग लगा दी, जिससे उसे काफी चोटें आई हैं।
बाइक सवार की तलाश जारी
इसके बाद लड़की को संतोषगढ़ अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में लड़की ने बयान दर्ज करवाते हुए कहा कि वीरभद्र चौक में खोखा चलाने वाले एक व्यक्ति ने ही उसे बाइक पर बैठने के लिए कहा था और यह भी कहा था कि वह और उसके (लड़की) के पिता भी लड़के को जानते हैं इसलिए उनके कहने पर वह बाइक पर बैठ गई। एस.पी. अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सी.सी.टी.वी. फुटेज को खंगालते हुए बाइक सवार की तलाश की जा रही है तथा वीरभद्र चौक में खोखा चलाने वाले व्यक्ति से भी पूछताछ की जा रही है।