Edited By Updated: 12 Apr, 2017 11:56 PM
बरमाणा पुलिस थाना के तहत आने वाले क्षेत्र में एक व्यक्ति द्वारा एक महिला को करीब डेढ़ महीने तक बंधक बनाकर उसके साथ दुराचार करने का मामला सामने आया है।
बिलासपुर: बरमाणा पुलिस थाना के तहत आने वाले क्षेत्र में एक व्यक्ति द्वारा एक महिला को करीब डेढ़ महीने तक बंधक बनाकर उसके साथ दुराचार करने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार बरमाणा क्षेत्र की एक विवाहिता की देलग के व्यक्ति से फोन पर बातचीत होती थी। इसी बातचीत के दौरान दोनों में मित्रता हो गई और गत 25 फरवरी को इस महिला को व्यक्ति ने बहला-फुसलाकर अपने घर देलग बुला लिया। महिला के घर पहुंचने के बाद उसने उसे एक कमरे में बंद कर दिया तथा उसके साथ दुराचार किया। महिला का आरोप है कि उसने उसे काफी समझाया लेकिन वह नहीं माना। दुराचार का यह सिलसिला लगातार चलता रहा। बताया जा रहा है कि दोनों शादीशुदा हैं तथा आरोपी की पत्नी का देहांत हो चुका है।
पीड़िता ने पति को फोन पर दी जानकारी
पीड़िता ने बताया कि गत दिवस उसे अपने पति से किसी प्रकार फोन पर बात करने का मौका मिल गया और उसने इस बात की जानकरी अपने पति को दी। सूचना मिलने के बाद पीड़िता के पति ने थाना बरमाणा में इस बाबत शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत के बाद हरकत में आई बरमाणा पुलिस ने आरोपी के घर की तलाशी लेकर महिला को बरामद किया। इसके बाद पुलिस ने महिला के मैजिस्ट्रेट के सामने बयान कलमबद्ध करवाए। पुलिस ने आरोपी व्यक्ति को भी गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे 5 दिन के पुलिस रिमांड में भेज दिया है। एस.पी. बिलासपुर राहुल नाथ ने मामले की पुष्टि की है।