Edited By Punjab Kesari, Updated: 23 Dec, 2017 10:27 PM
3 साल में पैसा डबल करने का झांसा देकर एक फाइनांस कंपनी ने महिलाओं से लाखों रुपए ऐंठ लिए हैं।
मंडी: 3 साल में पैसा डबल करने का झांसा देकर एक फाइनांस कंपनी ने महिलाओं से लाखों रुपए ऐंठ लिए हैं। 8 महिलाएं ठगी का शिकार हुई हैं। पुलिस ने महिलाओं की शिकायत पर कंपनी के मैनेजर के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकद्दमा दर्ज कर लिया है। शकुंतला देवी पत्नी पाल सिंह निवासी बरसु बल्ह ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि वह वर्ष 1986 से बरसु में बतौर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कार्य करती है।
अधिकारी के रिश्तेदार ने दिया झांसा
वर्ष 2013 में एक अधिकारी ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए बैठक का आयोजन करवाया। बैठक में उन्होंने अपने रिश्तेदार आर.सी.एस. फाइनांस लिमिटेड कं पनी के मैनेजर से इनकी बातचीत करवाई, जिसने बताया कि इस कंपनी में वे अपना आर.डी. खाता खुलवाएंगी तो 3 साल में पैसा डबल हो जाएगा, जिस पर खुद उसने व वीना देवी, दयावंती, कृष्णा, कौशल्या, तेज कुमारी, सावित्री तथा कमलेश ने कंपनी में खाता खुलवाया।
कंपनी के फर्जी होने का पता चलने पर उड़ गए होश
उसकी किस्तें वे सभी वर्ष 2013-2015 तक देती रहीं लेकिन 2015 में उन्हें पता चला कि यह कंपनी फर्जी है। यह सुनकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने अपने पैसे वापस करने की मांग की तो कंपनी ने पैसे देने से मना कर दिया। शकुंतला ने बताया कि उन्होंने करीब 24,000 रुपए जमा करवाए हैं। सभी महिलाओं की भी इतनी ही राशि जमा है। इस तरह कंपनी ने लाखों रुपए हड़प लिए हैं। एस.पी. अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस ने मुकद्दमा दर्ज कर लिया है।