Edited By Punjab Kesari, Updated: 12 Mar, 2018 12:14 AM
गिरिपार क्षेत्र के सतौन में एक हादसे में एक मजदूर मलबे में दब गया। 20 घंटे तक मलबे में दबे रहने के कारण मजदूर की मौत हो गई।
शिलाई: गिरिपार क्षेत्र के सतौन में एक हादसे में एक मजदूर मलबे में दब गया। 20 घंटे तक मलबे में दबे रहने के कारण मजदूर की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार सतौन में चूना फैक्टरी में दिन भर मान सिंह निवासी हरदोई यू.पी. मलबे में दबा रहा और किसी को कोई खबर तक नहीं लगी। उधर, मजदूर की भाभी ने आरोप लगाए हैं कि कंपनी के मालिक और ठेकेदार 10 हजार रुपए लेकर मामले को दबाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब मान सिंह रात को खाना खाने के लिए नहीं आया तो वे उसे ढूंढने के लिए निकले। जब मान सिंह नहीं मिला तो जहां वह काम कर रहा था उस जगह पहुंचे।
साथी मजदूरों को मलबे में दिखा हाथ
साथी मजदूरों को थोड़ी देर बाद मान सिंह का सिर्फ हाथ दिखाई दिया, जिस पर उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों को इकट्ठा किया और पुलिस को भी इस मामले की जानकारी दी। इसके बाद मान सिंह को मलबे से निकाला गया और उसे पांवटा सिविल अस्पताल में लाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डा. राजीव चौहान ने बताया कि मजदूर की मौत तकरीबन 20 घंटे पहले हुई है।