Edited By Punjab Kesari, Updated: 03 Jan, 2018 09:28 PM
इंदौरा थाना के अंतर्गत ढांगू की कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के कर्मचारियों व एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
इंदौरा (आशीष शर्मा): इंदौरा थाना के अंतर्गत ढांगू की कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के कर्मचारियों व एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। मामले के संदर्भ में जानकारी देते हुए डी.एस.पी. नूरपुर मेघनाथ चौहान ने बताया कि रंजीत पठानिया निवासी हगवाल ने थाना इंदौरा में शिकायत दर्ज करवाई है कि उनके बेटे राहुल पठानिया ने वर्ष 2011 में 1 लाख 4 हजार रुपए की एफ.डी.आर. करवाई थी तथा वर्ष 2014 में इसकी अवधि पूरी हुई थी, जिसे आगे फिर से डिपॉजिट करवा दिया गया फिर इसी एफ.डी.आर. में वर्ष 2016 तक इसका मूल्य ब्याज सहित करीब 1.60 लाख रुपए बन गया।
एफ.डी.आर. की जारी कर दी डुप्लीकेट कॉपी
रंजीत पठानिया का आरोप है कि इसी दौरान बैंक के कर्मचारियों ने एफ.डी.आर. की डुप्लीकेट कॉपी राहुल सिंह सुरिंदर सिंह निवासी हगवाल के नाम जारी कर दी और उसने बैक कर्मियों की मिलिभगती से पैसों को तुरंत निकलवा कर खाता बंद करवा दिया। बीते मंगलवार को जब राहुल पठानिया अपनी एफ.डी.आर. लेकर बैंक गया तो उसे धोखाधड़ी का पता चला, जिस पर उसने इंदौरा थाना में शिकायत दर्ज करवाई। बुधवार को इंदौरा पुलिस ने आई.पी.सी. की धारा 420, 467, 468, 471 व 120बी के तहत राहुल सिंह व बैंक कर्मचारियों पर मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। डी.एस.पी. ने कहा कि मामले में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।