Edited By Punjab Kesari, Updated: 17 Nov, 2017 12:27 AM
बंगाणा उपमंडल क्षेत्र के तहत अरलू ग्राम पंचायत के अरलू गांव में वीरवार सुबह 7 बजे के करीब चूल्हे में आग जलाते समय एक 81 वर्षीय वृद्धा सीता देवी अचानक गिर गई जिससे वह झुलस गई।
बंगाणा: बंगाणा उपमंडल क्षेत्र के तहत अरलू ग्राम पंचायत के अरलू गांव में वीरवार सुबह 7 बजे के करीब चूल्हे में आग जलाते समय एक 81 वर्षीय वृद्धा सीता देवी अचानक गिर गई जिससे वह झुलस गई। उसे तत्काल सी.एच.सी. बंगाणा लाया गया परंतु उसकी स्थिति गंभीर होने पर उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। जानकारी के मुताबिक वीरवार सुबह अरलू गांव की वृद्ध महिला चूल्हे में आग जला रही थी कि अचानक संतुलन खोने से वह चूल्हे में गिर गई। उसे किसी ने नहीं देखा। जब पशुशाला से वापस आकर उसकी बहू ने देखा तो उसकी सास चूल्हे में गिरी पड़ी थी। उसने सास को चूल्हे से बाहर निकाला और आसपास के लोगों को घटना बारे बताया। परिजनों के अनुसार वृद्धा विगत कई दिनों से बीमार चल रही थी।
पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपा शव
इस घटना बारे बंगाणा पुलिस थाना को सूचित किया गया जिस पर पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन करने में जुट गई है। बंगाणा पुलिस थाना के कार्यकारी एस.एच.ओ. जगदीश चंद ने बताया कि वीरवार सुबह 7 बजे के करीब अरलू में एक वृद्ध महिला सीता देवी की चूल्हे में झुलसने से मौत हो गई। उसका क्षेत्रीय चिकित्सालय ऊना में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस उक्त घटना का मामला दर्ज करके वृद्ध महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में चूल्हे में गिरने से मौत होने के कारणों की जांच कर रही है।