Edited By Punjab Kesari, Updated: 09 Jun, 2017 07:37 PM
औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब की एक औद्योगिक इकाई में शुक्रवार सुबह अचानक करंट लगने से 2 लोगों की मौत हो गई।
कालाअंब/नाहन: औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब की एक औद्योगिक इकाई में शुक्रवार सुबह अचानक करंट लगने से 2 लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार हादसे का शिकार होने वालों में एक इलैक्ट्रीशियन एवं हैल्पर शामिल हैं। हादसा खारी स्थित एल्यूमीनियम सैक्शन बनाने वाले एस.पी.टी. इकाई में हुआ। जानकारी अनुसार फैक्टरी परिसर में बने चैम्बर से दोनों कर्मी मोटर लगाकर पानी बाहर सड़क की ओर फैंक रहे थे कि इस दौरान हादसा पेश आया। कालाअंब थाना के एस.एच.ओ. योगेंद्र सिंह ने बताया कि एल्यूमीनियम सैक्शन बनाने वाली इकाई में एक इलैक्ट्रीशियन सुनील निवासी फैजाबाद व एक मजदूर जगत राम निवासी सीतामढ़ी बिहार करंट लगने से मौत का शिकार हुए हैं।
ऐसे हुआ हादसा
शुरूआती जांच के मुताबिक वे दोनों फैक्टरी परिसर में प्रात:काल चैम्बर से गंदा पानी निकालने के लिए गए थे। इस पहले पानी मोटर में प्लास्टिक का पाइप लगाकर निकाला जाता था लेकिन प्रात:काल उन्होंने फैक्टरी से एल्यूमीनियम की करीब 20 फुट लम्बी लैंथ मोटर में फिट की और पानी बाहर निकाल दिया। बाद में जैसे ही पाइप उठाई तो वह ऊपर से गुजर रही एच.टी. लाइन से छू गई, जिससे दोनों करंट लगने से बुरी तरह झुलस गए। उन्हें इलाज के लिए हरियाणा के नारायणगढ़ कस्बे के लिए भेजा गया लेकिन रास्ते में ही दोनों ने दम तोड़ दिया। वहीं पुलिस ने प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।