Edited By Updated: 06 May, 2017 10:32 AM
हिमाचल के ऊना जिला की ''उड़नपरी'' के नाम से प्रसिद्ध बख्शो देवी की अचानक तबीयत बिगड़ गई है।
पंजावर (ऊना): हिमाचल के ऊना जिला की 'उड़नपरी' के नाम से प्रसिद्ध बख्शो देवी की अचानक तबीयत बिगड़ गई है। उसे सिविल अस्पताल हरोली में भर्ती करवाया गया है। बख्शो की मां ने बताया कि पिछले करीब दो हफ्ते से उसे खांसी की शिकायत थी। बताया जाता है कि पिछले मंगलवार को उसे खांसी होने से सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। परिजन उसे स्थानीय अस्पताल ले गए। लेकिन यहां से दी गई दवाई से भी उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। ऐसे में परिजन 108 एंबुलेंस से उसे हरोली अस्पताल ले गए। अब उसकी सेहत में पहले से सुधार है।
बख्शो का सपना एथलेटिक्स में देश के लिए नाम कमाना
उधर, कांगड़ा जिले के समाजसेवी संजय शर्मा ने उसकी सभी दवाइयों का खर्च उठाया। उन्होंने पहले भी बख्शो और उसके गरीब परिवार की मदद की है। उल्लेखनीय है कि जीरो डिग्री तापमान में नंगे पांव 5 हजार मीटर की जिला स्तरीय दौड़ में गोल्ड जीतने पर बख्शो सुर्खियों में आई थी। उसका केवल एक ही सपना है स्पोर्ट्स हॉस्टल में दाखिला लेकर एथलेटिक्स में देश के लिए नाम कमाना। इसके लिए वह संघर्ष कर रही है।