Edited By Punjab Kesari, Updated: 06 Jul, 2017 07:01 PM
मुख्यमंत्री वीरभद सिंह के खिलाफ बयानबाजी के बाद राज्य सरकार ने हिमाचल प्रदेश राज्य पर्यटन विकास बोर्ड उपाध्यक्ष पद से मेजर विजय सिंह मनकोटिया को हटा दिया है।
शिमला: मुख्यमंत्री वीरभद सिंह के खिलाफ बयानबाजी के बाद राज्य सरकार ने हिमाचल प्रदेश राज्य पर्यटन विकास बोर्ड उपाध्यक्ष पद से मेजर विजय सिंह मनकोटिया को हटा दिया है। हालांकि कांग्रेस पार्टी की तरफ से अभी तक कोई संज्ञान नहीं लिया गया है। इस तरह सरकार ने बोर्ड उपाध्यक्ष पद से जहां मनकोटिया को हटा दिया है, वहीं कांग्रेस पार्टी अभी भी उनको गले लगाकर बैठी है। मेजर विजय सिंह मनकोटिया इस घटनाक्रम के बाद 7 जुलाई को पत्रकार वार्ता के माध्यम से सरकार विशेषकर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल सकते हैं।
मुख्यमंत्री के खिलाफ की थी टिप्पणी
उल्लेखनीय है कि मनकोटिया ने मुख्यमंत्री के खिलाफ टिप्पणी की थी, जिसमें उन्होंने कहा था कि भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे वीरभद्र सिंह सातवीं बार मुख्यमंत्री बनने की बात कह रहे हैं। उन्होंने कहा था कि यह गंभीर विषय है कि मुख्यमंत्री को जमानत लेने के लिए बाध्य होना पड़ा है। इसके अलावा भी वह धर्मशाला को दूसरी राजधानी बनाए जाने सहित अन्य मुद्दों को लेकर सरकार को घेरते रहे हैं। उनकी तरफ से की गई इस बयानबाजी के बाद राज्य सरकार ने उन्हें राज्य पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष पद से हटाते हुए उनको दी गई सभी सुविधाओं को वापस ले लिया है।
चुनावी वर्ष में रंग बदलते रहे हैं मनकोटिया
पूर्व मंत्री इससे पहले भी चुनावी वर्ष में रंग बदलते रहे हैं। मुख्यमंत्री सहित प्रदेश कांग्रेस के कई नेताओं के साथ उनका 36 का आंकड़ा रहा है। मुख्यमंत्री के खिलाफ वह कई मौकों पर मोर्चा खोल चुके हैं। वर्ष 2007 के विधानसभा चुनाव से पहले भी उन्होंने वीरभद्र सिंह के खिलाफ सी.डी. जारी करके प्रदेश की सियासत में हलचल मचा दी थी। हालांकि बाद में वीरभद्र सिंह सी.डी. मामले से अदालत से बरी हो गए थे। इसके अलावा वर्ष 2006 में उन्होंने कांग्रेस हाईकमान को प्रदेश के भ्रष्ट अफसरों व राजनेताओं की सूची भी सौंपी थी लेकिन नामों को उजागर नहीं किया।
वर्ष 2007 में बसपा में जाकर लड़ा था चुनाव
वर्ष 2007 के चुनाव में उनकी तरफ से जारी की गई सी.डी. के बाद वह बसपा में चले गए थे तथा धर्मशाला से चुनाव लडऩे के बाद हार गए। इसके बाद 5 साल के अंतराल के पर मनकोटिया की नाटकीय अंदाज फिर कांग्रेस में वापसी हुई और उन्होंने शाहपुर से पार्टी टिकट पर चुनाव लड़ा लेकिन वहां उनको हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद सरकार ने उनको हिमाचल प्रदेश राज्य पर्यटन विकास बोर्ड उपाध्यक्ष का पद सौंपा था।
शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई : चौहान
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं मीडिया विभाग के अध्यक्ष नरेश चौहान ने संपर्क करने पर बताया कि मेजर विजय सिंह मनकोटिया के खिलाफ अभी तक किसी तरह की शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने के बाद ही पार्टी नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाएगी। वह पार्टी में इस समय किसी भी पद पर नहीं हैं।