Edited By Updated: 21 Apr, 2017 07:07 PM
हिमाचल प्रदेश की सीमा ने 3000 मीटर दौड़ स्पर्धा में राष्ट्रीय रिकार्ड तोड़ा है तथा उसने राष्ट्रीय यूथ एथलैटिक्स चैम्पियनशिप में 3000 मीटर दौड़ स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया....
शिमला: हिमाचल प्रदेश की सीमा ने 3000 मीटर दौड़ स्पर्धा में राष्ट्रीय रिकार्ड तोड़ा है तथा उसने राष्ट्रीय यूथ एथलैटिक्स चैम्पियनशिप में 3000 मीटर दौड़ स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया व साथ ही राष्ट्रीय रिकार्ड भी अपने नाम दर्ज करवाया। सीमा ने रिकार्ड 9 मिनट 55 सैकेंड में दौड़ पूरी की और यह कीर्तिमान स्थापित किया। शुक्रवार को सीमा ने हैदराबाद में चल रही राष्ट्रीय यूथ एथलैटिक्स चैम्पियनशिप में भाग लेते हुए यह उपलब्धि हासिल की। इसी के साथ अब सीमा से आगामी स्पर्धाओं में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद बंध गई है।
16 वर्ष की उम्र में हासिल की उपलब्धि
सीमा अभी 16 वर्ष की है और इतनी कम उम्र में राष्ट्रीय रिकार्ड तोड़कर उसने बढ़ी उपलब्धि हासिल की है। इस प्रदर्शन से उम्मीद जताई जा रही है कि आगामी दिनों में वह और बेहतर प्रदर्शन करेगी और देश-विदेश में होने वाली स्पर्धाओं में हिमाचल व भारत का नाम रोशन करेगी। हिमाचल प्रदेश एथलैटिक्स संघ के पदाधिकारी सीमा के प्रदर्शन से काफी खुश हैं और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं। अब शनिवार को सीमा 5000 मीटर दौड़ स्पर्धा में हिस्सा लेगी। शुक्रवार को सीमा के रिकार्ड तोड़ प्रदर्शन के बाद अब उनकी अगली दौड़ पर सबकी निगाहें टिक गई हैं।
अब लगाएगी 5000 मीटर की दौड़
शनिवार को हैदराबाद में चल रही राष्ट्रीय यूथ एथलैटिक्स चैम्पियनशिप में सीमा 5000 मीटर दौड़ स्पर्धा में भाग लेगी और 3000 मीटर दौड़ स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल करने के बाद अब सीमा से 5000 मीटर दौड़ स्पर्धा में भी स्वर्ण पदक की उम्मीद बंधी है। राष्ट्रीय यूथ एथलैटिक्स चैम्पियनशिप में हिमाचल प्रदेश से 5 एथलीट हिस्सा ले रहे हैं। यह चैम्पियनशिप 23 अप्रैल तक चलेगी।
साई धर्मशाला में कोचिंग हासिल कर रही सीमा
हिमाचल प्रदेश की एथलीट सीमा चम्बा की रहने वाली है और वर्तमान में साई धर्मशाला में कोच के.एस. पटियाल से प्रशिक्षण हासिल कर रही है।