Edited By Punjab Kesari, Updated: 04 Jul, 2017 02:23 PM
अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन स्थल रोहतांग दर्रे पर देश-विदेश के सैलानियों को जुलाई महीने में भी बर्फ का दीदार हो रहा है।
मनाली: अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन स्थल रोहतांग दर्रे पर देश-विदेश के सैलानियों को जुलाई महीने में भी बर्फ का दीदार हो रहा है। 7 साल बाद इस दर्रे पर जुलाई महीने में भी बर्फ की हल्की परत देखने को मिल रही है। मनाली वासियों के लिए सुखद यह रहा कि इस बार यहां गर्मी में भी ठंड का एहसास हो रहा है तथा जून महीने में भी ऊंची चोटियों में बर्फबारी होती रही है। यहां अभी भी करीब एक फुट बर्फ जमी हुई है। यहां सैलानियों के आने का क्रम जारी है लेकिन व्यवसायियों का कारोबार मंदा पड़ने लगा है।
सैलानियों को दर्रे में लगातार बर्फ देखने को मिली
दर्रे पर पहुंचे हजारों सैलानियों की आमद अब सैंकड़ों में रह गई है। हालांकि समर सीजन सीमा सड़क संगठन पर भारी रहा। लेकिन सैलानियों पर मौसम की लगातार मेहरबानी होती रही। इससे सैलानियों को दर्रे में लगातार बर्फ देखने को मिली। जून महीने में 5 बार रोहतांग दर्रे पर बर्फबारी हुई। इस कारण हजारों सैलानियों को आसमान से बर्फ के फाहे गिरते देखने भी नसीब हुए। होटल एसोसिएशन मनाली के अध्यक्ष गजेंद्र ठाकुर ने कहा कि जून महीने में भी ऊंची चोटियों में बर्फबारी होती रही है। इस कारण रोहतांग दर्रे पर अभी भी बर्फ जमी हुई है।