Edited By Punjab Kesari, Updated: 12 Jul, 2017 03:07 PM
आखिरकार जी.एस.टी. का सॉफ्टवेयर आने पर जिला कांगड़ा में राज्य नागरिक आपूर्ति निगम की दवाइयां की दुकानों में बिक्री शुरू हो गई है।
धर्मशाला: आखिरकार जी.एस.टी. का सॉफ्टवेयर आने पर जिला कांगड़ा में राज्य नागरिक आपूर्ति निगम की दवाइयां की दुकानों में बिक्री शुरू हो गई है। देश में जी.एस.टी. लागू होने के 10 दिन बाद जिला के 7 स्वास्थ्य संस्थानों की दुकानों में सस्ती दवाइयां मिलने लगी हैं। हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम समिति क्षेत्रीय कार्यालय धर्मशाला के अंतर्गत बैजनाथ, पालमपुर, कांगड़ा, टांडा, धर्मशाला, देहरा व नूरपुर में 1 जुलाई से जी.एस.टी. के चलते बिक्री बंद कर दी गई थी। बहरहाल सभी विक्रय केंद्रों के कम्प्यूटर में जी.एस.टी. सॉफ्टवेयर इंस्टाल होने से लोगों को राहत मिली है। निगम अधिकारियों की मानें तो राज्य के सबसे बड़े कांगड़ा के अस्पताल में आने वाले रोगियों को सस्ते मूल्य में दवाइयां मिलने शुरू हो गई हैं।
सभी गोदामों में वितरण प्रणाली फिर से शुरू
सोमवार से ही यहां राज्य नागरिक आपूर्ति निगम समिति के सभी 20 थोक गोदामों में आपूर्ति बहाल हो गई है। सभी डिपुओं में लोगों को सस्ता राशन मिलना शुरू होगा। निगम अधिकारियों की मानें तो यहां डिपुओं में लेवी शूगर के लिए टैंडर आमंत्रित किए हैं। निगम की इस कवायद से 4,28,938 परिवारों को राहत मिलेगी।