Edited By Updated: 05 Dec, 2016 07:20 PM
जंजैहली घाटी की चियुणी पंचायत के डडौण गांव में रविवार देर रात आगजनी की घटना में 5 कमरों का मकान और इसी पंचायत के लैंद गांव में 4 कमरों की गऊशाला जलकर राख हो गई।
गोहर : जंजैहली घाटी की चियुणी पंचायत के डडौण गांव में रविवार देर रात आगजनी की घटना में 5 कमरों का मकान और इसी पंचायत के लैंद गांव में 4 कमरों की गऊशाला जलकर राख हो गई। आगजनी से करीब 10 लाख रुपए के नुक्सान का अनुमान लगाया जा रहा है। पुलिस ने अग्रिकांड का मामला दर्ज कर आग के कारणों का पता लगाने के लिए छानबीन शुरू कर दी है। तहसीलदार थुनाग शमशेर सिंह ने अग्रिकांड की घटना की पुष्टि की है।
तहसीलदार थुनाग शमशेर सिंह ने जानकारी देते हुए कहा कि रविवार देर रात चियुणी पंचायत के डडौण गांव में जालम सिंह पुत्र कर्म सिंह के 5 कमरों का मकान आग लगने के कारण राख के ढेर में तबदील हो गया। दूसरी घटना में लैंद गांव में खूबे राम, गुलाब सिंह और छाछ राम पुत्र सोहन सिंह की 4 कमरों की एक गऊशाला जलकर राख हो गई। गऊशाला को रविवार देर सायं करीब 6 बजे आग लगी, जिससे वहां रखी घास गऊशाला के साथ जल गई। प्रशासन की ओर से हलका पटवारी ने मौके पर जाकर नुक्सान का आकलन कर आगजनी से प्रभावित परिवार को जिनमें 5 कमरों के मकान मालिक जालम सिंह को 5 हजार और गऊशाला के मालिक खूबे राम और उसके भाइयों को फौरी राहत के रूप में 3 हजार रुपए प्रदान किए।