Edited By Punjab Kesari, Updated: 06 Oct, 2017 10:42 PM
उपमंडल की सलापड़ चौकी में दर्ज घर से गायब हुई 19 वर्षीय लड़की के केस ने नया मोड़ ले लिया है।
सुंदरनगर: उपमंडल की सलापड़ चौकी में दर्ज घर से गायब हुई 19 वर्षीय लड़की के केस ने नया मोड़ ले लिया है। लड़की ने घर वापस आकर 2 स्थानीय लड़कों के खिलाफ दुष्कर्म और उसका वीडियो बनाने का आरोप लगाया है। शुक्रवार को पीड़ित लड़की ने इस संबंध में एस.पी. मंडी से लिखित शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है। लड़की ने शिकायत में कहा है कि जब वह सिलाई सीखकर घर वापस आ रही थी तो 2 युवक उसे रास्ते में जंगल में घसीटकर ले गए और दोनों ने उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म व मारपीट की। यही नहीं, उन्होंने दुष्कर्म का वीडियो बनाकर उसे वायरल करने व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी व दोगुनी उम्र के हमीरपुर निवासी के साथ शादी करने पर विवश किया।
मजबूरी में की 40 वर्ष के आदमी से शादी
लड़की ने कहा कि वह एक दलित गरीब परिवार से संबंध रखती है और जमा 2 कक्षा तक पढ़ाई करने के बाद सिलाई का काम सीख रही है। दोनों आरोपी जिसमें एक सरकारी कर्मी भी है, अक्सर उसका रास्ता रोकते थे और घटना वाले दिन वे दोनों नशे की हालत में थे और वे उसे जंगल में घसीटकर ले गए और दुष्कर्म किया। उसने बताया कि दोनों आरोपियों ने उसके मां-बाप को मारने की धमकी दी थी इसीलिए उसे घर से भाग कर 40 साल के हमीरपुर के एक शख्स से शादी करने को मजबूर होना पड़ा। वहीं बी.एस.एल. कालोनी सुंदरनगर के थाना प्रभारी सुरेंद्र धर्माणी ने कहा कि उक्त मामले में लड़की का मैडीकल करवाया गया है और घटना की जांच शुरू कर दी है।