Edited By Updated: 05 Dec, 2016 02:10 AM
कुल्लू वन मंडल के तहत उझी घाटी के मनाली में 40 अवैध कब्जाधारकों पर जल्द गाज गिरेगी।
मनाली: कुल्लू वन मंडल के तहत उझी घाटी के मनाली में 40 अवैध कब्जाधारकों पर जल्द गाज गिरेगी। इन कब्जाधारकों ने वन भूमि पर अवैध कब्जे करके भवन खड़े किए हैं। वन महकमे ने अवैध कब्जाधारकों की लिस्ट तैयार कर ली है। वन विभाग ने कब्जा करने वालों को नोटिस जारी कर दिए हैं। वन विभाग ने अब तक कुल्लू वन मंडल में 130 कब्जाधारकों के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें भूमि से खदेड़ दिया है। यह भूमि भी विभाग ने अपने कब्जे में कर ली है।
कुल्लू वन मंडल में अभी तक 200 अन्य चिन्हित कब्जों पर कार्रवाई की तैयारी चल रही है। अब वन विभाग ने विद्युत बोर्ड और आई.पी.एच. विभाग को अवैध कब्जाधारकों की सूची सौंप दी है। नोटिस मिलने से अवैध कब्जा करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। इन अवैध भवनों में से कइयों में पर्यटन गतिविधियां चल रही हैं। वन विभाग ने मनाली में 40 अवैध मकान मालिकों को नोटिस थमा दिए हैं। अवैध कब्जों को लेकर हाईकोर्ट के आदेश के बाद प्रदेश में अवैध कब्जाधारकों के खिलाफ प्रशासन और विभाग सख्त कार्रवाई कर रहे हैं।