Edited By Updated: 10 May, 2017 06:35 PM
उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने पंजाब केसरी टीवी से विशेष बातचीत करते हुए कहा कि मोदी लहर का प्रदेश में कोई असर नहीं होगा।
ऊना: उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने पंजाब केसरी टीवी से विशेष बातचीत करते हुए कहा कि मोदी लहर का प्रदेश में कोई असर नहीं होगा। मतदाता कांग्रेस के साथ हैं। हमें सरकार के विकास कार्यों पर पूरा भरोसा है और लोगों पर भी भरोसा है कि वो कांग्रेस को ही वोट देंगे। मोदी और शाह के दौरों के बाद कांग्रेस की बैठकों पर अग्निहोत्री ने कहा कि हर पार्टी को रणनीति बनाने का अधिकार है। किसी नेता के आने-जाने से फर्क नहीं पड़ता। कांग्रेस तय कर रही है कि चुनाव कैसे लड़े जाने हैं। बैठकों में सरकार रिपीट करने की रणनीति बनाई जा रही है और हर हाल में कांग्रेस पार्टी दोबारा सरकार बनाएगी।
संगठन चुनाव पर हाईकमान करेगा फैसला
संगठन चुनाव पर बात करते हुए उद्योग मंत्री ने कहा कि सरकार का फोक्स विधानसभा चुनाव पर है। संगठन के चुनाव भी घोषित हो गए हैं लेकिन उस पर फैसला हाईकमान करेगा। सरकार का ध्यान सिर्फ और सिर्फ विकास कार्यों पर है। ऐसा नहीं है कि किसी क्षेत्र विशेष में काम हुआ है। पूरे हिमाचल में व्यापक काम हुआ है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि अगला चुनाव विकास पर लड़ा जाएगा। काम के आगे भाजपा कहीं ठहर नहीं पाएगी। कांग्रेस के शासनकाल में जो काम हो रहे हैं उससे भाजपा विचलित है।
चुनाव घोषणा पत्र से आगे निकल कर काम किया है
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कांग्रेस ने घोषणा पत्र में 5 साल पूरा करने वाले अनुबंध कर्मियों को नियमित करने की बात कही थी लेकिन हम घोषणा पत्र से आगे बढ़कर काम कर रहे हैं। अब अनुबंध कर्मचारी तीन साल में नियमित होंगे। सरकार अनुबंध कर्मचारियों की उम्मीद से भी आगे निकल गई है। हर वर्ग के मसलों को हल करने का प्रयास हो रहा है। आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए भी मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने नीति बनाने के निर्देश दिए हैं।