Edited By Punjab Kesari, Updated: 28 Oct, 2017 01:52 AM
कांग्रेस सरकार ने प्रदेश को कर्ज में डुबोया है। हिमाचल प्रदेश को केंद्र की मोदी सरकार ने 1,15,000 करोड़ रुपए का विशेष बजट पैकेज विकास कार्य हेतु जारी किया है।
चम्बा/धर्मशाला: कांग्रेस सरकार ने प्रदेश को कर्ज में डुबोया है। हिमाचल प्रदेश को केंद्र की मोदी सरकार ने 1,15,000 करोड़ रुपए का विशेष बजट पैकेज विकास कार्य हेतु जारी किया है। हिमाचल में 70.000 करोड़ रुपए से 66 नैशनल हाईवे बनना प्रस्तावित हुए हैं परंतु प्रदेश की कांग्रेस सरकार केंद्र सरकार से मिले भारी आर्थिक पैकेज का उपयोग करने में असमर्थ रही है। यह बातें पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने सिंहुता में जनसभा को संबोधित करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि गुडिय़ा कांड से शांत प्रदेश हिमाचल शर्मसार हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हत्याओं के मामलों को दबाने का प्रयास हुआ है।
कांग्रेस के राज में केवल माफिया राज को मिला बढ़ावा
इसके बाद जसवां-परागपुर विस क्षेत्र के कोटला बेहड़ में उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राज में केवल माफिया राज को बढ़ावा मिला है। उन्होंने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश में स्कूलों को स्तरोन्नत तो कर दिया, लेकिन वहां स्टाफ की व्यवस्था नहीं की गई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने पद पर रहते हुए मात्र स्कूलों, कालेजों तथा स्वास्थ्य संस्थानों के नाम पर मात्र फट्टे लगाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास के नाम पर मात्र झूठी घोषणाएं की गई हैं।