Edited By Punjab Kesari, Updated: 03 Sep, 2017 09:24 PM
पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि प्रदेश की भ्रष्ट और महिला विरोधी कांग्रेस सरकार को प्रदेश की महिलाएं चंडी रूप धारण कर अब सत्ता से बाहर करने वाली हैं।
हमीरपुर: पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि प्रदेश की भ्रष्ट और महिला विरोधी कांग्रेस सरकार को प्रदेश की महिलाएं चंडी रूप धारण कर अब सत्ता से बाहर करने वाली हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक के बाद एक हो रही हत्या के मामलों को सरकार आत्महत्या में बदल रही है और प्रदेश में हो रहे दुष्कर्म के मामलों को भी सरकार दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार के इस महिला विरोधी और भ्रष्ट तंत्र को उखाड़ फैंकने के लिए महिलाएं सड़कों पर उतर आई हैं और इस सरकार को सत्ता से बाहर कर ही दम लेंगी। यह बात उन्होंने अपने गृह विस क्षेत्र में आयोजित महिला सम्मेलन के उपरांत पत्रकार वार्ता में कही।
मुख्यमंत्री के हमीरपुर दौरे पर ली चुटकी
उन्होंने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के हमीरपुर दौरे पर चुटकी लेते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार अब अपने अंतिम दिनों में शिलान्यास और घोषणाएं करने में जुटी है लेकिन कांग्रेस पार्टी को इससे कोई फायदा होने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के जिला में हुए गुडिय़ा रेप और हत्या मामले में दोषियों को पकडऩे की बजाय सरकार और पुलिस संरक्षण देने में लगे रहे, जिसका नतीजा जेल में एक तथाकथित आरोपी की हत्या और इसके बाद पुलिस अफसरों की सी.बी.आई. द्वारा गिरफ्तारी हुई है, उससे साबित होता है कि देवभूमि हिमाचल में अब रक्षक ही भक्षक बन चुके हैं।
भाजपा देश का ऐसा पहला राजनीति दल
उन्होंने महिला सम्मेलन में उमड़ी हजारों महिलाओं की भीड़ को देखकर कहा कि भाजपा की पूर्व प्रदेश सरकार ने ही महिला सशक्तिकरण के लिए सही मायनों में काम किया है, जिसके चलते आज महिलाओं को प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं और स्थानीय निकाय चुनावों में 50 प्रतिशत आरक्षण मिला है। उन्होंने कहा कि भाजपा देश का ऐसा पहला राजनीति दल है, जिसके संगठन में भी महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिला है।