Edited By Punjab Kesari, Updated: 28 Aug, 2017 12:18 AM
मवा कहोलां में भाजपा मंडल गगरेट द्वारा आयोजित दलित स्वाभिमान महासम्मेलन को सम्बोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि कांग्रेस ने वोट बैंक के लिए...
दौलतपुर चौक: मवा कहोलां में भाजपा मंडल गगरेट द्वारा आयोजित दलित स्वाभिमान महासम्मेलन को सम्बोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि कांग्रेस ने वोट बैंक के लिए दलित समुदाय को गुमराह किया जिसके लिए दलित समुदाय उन्हें कदापि माफ नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश में सरकार बनाने के लिए रथ यात्रा कर रही है जबकि कांग्रेस पद यात्रा इसलिए कर रही है क्योंकि जनता उनकी छुट्टी करने वाली है। उन्होंने कहा कि डा. भीमराव अम्बेदकर अति निर्धन दलित परिवार में पैदा हुए और सबसे ज्यादा बुद्धिमान थे परन्तु कांग्रेस ने उनकी क्षमता के साथ न्याय नहीं किया।
कांग्रेस ने दलितों को दिखाए झूठे सब्जबाग
भाजपा सरकार के समय दलित समुदाय के 2000 टॉपर बच्चों को डा. भीमराव अम्बेदकर छात्रवृत्ति के रूप में प्रति छात्र 10,000 रुपए की छात्रवृत्ति दी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने सभी 68 विस क्षेत्रों में अम्बेदकर भवन बनाए परन्तु कांग्रेस ने दलितों को झूठे सब्जबाग दिखा कर केवल वोट बैंक को हथियाने के सिवाय कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माता बाबा अम्बेदकर को कांग्रेस सरकार ने भारत रत्न नहीं दिया अपितु नेहरू, इंदिरा और राजीव गांधी को जरूर यह सम्मान दिया गया। अगर कांग्रेस दलित हितैषी होती तो 60 वर्षों में दलितों का सही मायनों में विकास करती।