Edited By Punjab Kesari, Updated: 30 Oct, 2017 09:30 AM
पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने रविवार को मटौर में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश पिछले 5 वर्षों में पूरे तौर पर पिछड़ चुका है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के मुखिया और उनका परिवार जमानत पर है और आए दिन प्रदेश का विकास करवाने की...
कांगड़ा/ऊना (अविनाश/सुरेंद्र): पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने रविवार को मटौर में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश पिछले 5 वर्षों में पूरे तौर पर पिछड़ चुका है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के मुखिया और उनका परिवार जमानत पर है और आए दिन प्रदेश का विकास करवाने की जगह अपना बचाव करने के लिए दिल्ली के कोर्ट में चक्कर काट रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है कि कांग्रेस आलाकमान ने भ्रष्टाचारियों के हाथ में प्रदेश की बागडोर सौंप दी है। उन्होंने कहा कि चाहे ठियोग में गुडिय़ा कांड की गूंज है, जो प्रत्येक हिमाचल वासी के कानों में गूंज रही है।
लाखों बेरोजगार युवा कांग्रेस को भगाने में जुटे
उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में बेरोजगार युवाओं की संख्या में इजाफा हुआ है और आज लाखों बेरोजगार युवा कांग्रेस को भगाने में जुटे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि कांग्रेस के झूठ अब कांग्रेस पर ही भारी पड़ने लगे हैं। उन्होंने कहा है कि 5 वर्ष पूर्व व सत्तारूढ़ होने के बाद किए गए वायदों को पूरा न करने की सजा अब जनता कांग्रेस को सत्ता से बाहर करके देगी। धूमल ने कहा है कि कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में 222 वायदे किए थे लेकिन उनमें से 70 प्रतिशत को भी पूरा करने में वर्तमान सरकार नाकाम साबित हुई है।
5 वर्षों में हिमाचल में केवल भ्रष्टाचार और माफिया राज ही पनपा
ऊना जिला के कुटलैहड़ के छपरोह में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि 5 वर्षों में हिमाचल में केवल भ्रष्टाचार और माफिया राज ही पनपा है। शिमला में बैठकर ही एक-एक दिन में 35-35 शिलान्यास एवं उद्घाटन कर दिए गए हैं। लोगों को गुमराह करने के लिए कई प्रकार के हथकंडे अपनाए गए लेकिन अब माफिया राज का अंत होने वाला है। गुड़िया मामले और होशियार सिंह की हत्या जैसे संगीन अपराधों ने हिमाचल की देवभूमि को बदनाम किया है।