Edited By Updated: 01 May, 2017 12:06 AM
हिमाचल में कांग्रेस का कुनबा बिखर रहा है और यह किसी भी दिन धड़ाम से गिर जाएगा।
शिमला: हिमाचल में कांग्रेस का कुनबा बिखर रहा है और यह किसी भी दिन धड़ाम से गिर जाएगा। प्रदेश भाजपा के प्रमुख प्रवक्ता डा. राजीव बिंदल ने यह बात कही है। उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साफ-साफ शब्दों में कह चुके हैं कि भ्रष्टाचारियों और बेईमानों का राज हटाना है तथा ईमानदारी का राज लाना है। उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री के इन बोलों से कांग्रेस पार्टी को बहुत वेदना हो रही है और बौखलाहट में पार्टी नेता अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक प्रदेश में भ्रष्ट शासन व निकम्मी सरकार है तथा टायर्ड व रिटायर्ड लोग सरकार को चला रहे तब तक यहां जनसमस्याओं का समाधान और प्रदेश का विकास संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सीधे-सीधे शब्दों में कह चुके है कि ‘‘आओ मेरे साथ चलो, मैं आपको विकास दूंगा’’।
अटल भी हमारे और मोदी भी तो कांग्रेस क्यों परेशान
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का यह कहना कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की रैली पी.एम. मोदी की रैली से बड़ी थी। इस पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि अटल भी हमारे हैं और मोदी भी हमारे हैं तथा दोनों रैलियां भी भाजपा की हैं, ऐसे में कांग्रेस क्यों परेशान है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस के ही एक नेता का यह कहना कि चौधरी वीरेंद्र सिंह कांग्रेस के अनेक विधायकों को भाजपा में लाने की तैयारी कर रहे हैं, वह साफ तौर पर कांग्रेस के विघटन की तरफ संकेत कर रहा है।
कांग्रेस में साफ झलक रहीं गुटबाजी
उन्होंने कहा कि कांग्रेस में गुटबाजी साफ झलक रहीं है। इसी का परिणाम है कि मुख्यमंत्री और कांग्रेसी नेताओं की नाराजगी धीरे-धीरे जगजाहिर होने लगी है। उन्होंने कहा कि इसका ताजा उदाहरण एक बार फिर से सी.पी.एस. राजेश धर्माणी का मुखर होना है, जो बिलासपुर जिला कांग्रेस में हलचल पैदा कर रहा है।