Edited By Punjab Kesari, Updated: 19 Nov, 2017 07:56 PM
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि भाजपा के हिमाचल में सरकार बनाने के दावे कोरे साबित होंगे और यहां कांग्रेस मिशन रिपीट करेगी।
शिमला: मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि भाजपा के हिमाचल में सरकार बनाने के दावे कोरे साबित होंगे और यहां कांग्रेस मिशन रिपीट करेगी। मुख्यमंत्री का कहना था कि जो बादल गरजते हैं, वे बरसते नहीं। उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता ने विकास को समर्थन दिया है और प्रदेश में हुए विकास कार्य के दम पर ही कांग्रेस यहां फिर से सत्तारूढ़ होगी। मुख्यमंत्री रविवार को शिमला में युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह द्वारा शिमला ग्रामीण विस क्षेत्र के कार्यकत्र्ताओं की आयोजित समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए बोल रहे थे। उन्होंने बैठक में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करते हुए कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान जनता का जो रुझान कांग्रेस की तरफ देखा गया, उससे वह कह सकते हैं कि प्रदेश में कांग्रेस रिपीट करने जा रही है।
जी.एस.टी-नोटबंदी के बाद देशवासियों पर महंगाई का प्रहार
उन्होंने भाजपा के सत्ता में आने के दावे को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि जो बादल गरजते हैं, वह बरसते नहीं। उन्होंने कहा कि शिमला ग्रामीण विधानसभा हलके में पिछले 5 सालों में भारी विकास हुआ है और अभी भी वहां काफी करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि विकास की कोई सीमा नहीं होती और करोड़ों रुपए के विकास कार्य इस हलके में हुए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जी.एस.टी और नोटबंदी के बाद देशवासियों पर महंगाई का प्रहार हुआ है और रोजमर्रा की वस्तुओं के बढ़ते दामों ने काम आदमी के बजट को बिगाड़ कर रख दिया है।
सी.एम. ने पूछा, क्या समीकरण बन रहे
शिमला ग्रामीण के कार्यकत्र्ताओं की बैठक में मुख्यमंत्री खुश मिजाज नजर आए। इस दौरान उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकत्र्ताओं से अपने अंदाज में पूछा कि चलो बताओ, क्या समीकरण बन रहे हैं। इस पर बारी-बारी पदाधिकारियों ने अपनी-अपनी रिपोर्ट सी.एम. के समक्ष रखी। इस दौरान हंसी-मजाक का दौर भी चलता रहा।
एकजुट होकर चलें कार्यकत्र्ता
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन तभी सशक्त होगा, जब कार्यकत्र्ता एकजुट होकर चलेंगे। वीरभद्र सिंह ने कहा कि उन्होंने हिमाचल का एक समान विकास किया है और बीते 5 वर्षों में शिमला ग्रामीण विस क्षेत्र में भी विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं।