Edited By Punjab Kesari, Updated: 01 Jul, 2017 11:37 PM
स्वारघाट के ए.टी.एम. में पिछले कई महीनों से चल रही कैश किल्लत का भंडाफोड़ हो गया है।
स्वारघाट: स्वारघाट के ए.टी.एम. में पिछले कई महीनों से चल रही कैश किल्लत का भंडाफोड़ हो गया है। जी हां, स्वारघाट स्थित यूको बैंक के ए.टी.एम. व पी.एन.बी. के ए.टी.एम. में कैश डालने का कार्य करने वाली कंपनी ए.टी.एम.सी. के अधिकारी दीपक शर्मा ने पुलिस थाना स्वारघाट में अपने कर्मचारियों के विरुद्ध राशि गबन करने की शिकायत दर्ज करवाई कि उनकी कंपनी हिमाचल व पंजाब के ए.टी.एम. में राशि डालने का कार्य करती है। कंपनी के पास काम करने वाले 2 कर्मचारियों राजन प्रभाकर व पवन कुमार के पास स्वारघाट स्थित यूको बैंक व पी.एन.बी. बैंक के ए.टी.एम. में राशि डालने के लिए वर्ष 2016 के नवम्बर व दिसम्बर माह में 15 लाख 86 हजार 700 रुपए दिए थे परंतु इन दोनों ने उक्त राशि में से 12 लाख 32 हजार 200 रुपए की राशि का गबन कर लिया।
नोटबंदी के दौरान गबन की राशि
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने रोपड़, नयना देवी व सोलन के ए.टी.एम. में भी राशि डालने के दौरान कुछ राशि गबन की है। गौरतलब है कि नवम्बर माह में ही मोदी सरकार ने नोटबंदी धमाका किया था, जिसके बाद लोगों को राहत देने के लिए बैंकों सहित ए.टी.एम. में नई करंसी डालने का कार्य किया गया था। इसी प्रक्रिया के दौरान यह राशि कर्मचारियों द्वारा गबन की गई है।
आरोपियों के खेल पर पुलिस की नजर
आरोपियों द्वारा यह खेल कब से खेला जा रहा था, इस पर भी पुलिस अपनी नजर बनाए हुए है। हालांकि यह राशि कर्मचारियों द्वारा पुराने नोटों के साथ ज्यादा राशि लेने के चक्कर में किसी के साथ चेंज की गई है या फिर यह राशि आरोपियों ने कहां छुपाई है, इसका पता तो पुलिस तफ्तीश में ही चल पाएगा। हां इतना जरूर है कि स्वारघाट के ए.टी.एम. ज्यादातर ठन-ठन गोपाल क्यूं रहते थे, इस पर से तो आखिरकार पर्दा उठ ही गया है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस थाना स्वारघाट के संब इंस्पैक्टर राजेश पराशर ने बताया कि स्वारघाट स्थित यूको व पी.एन.बी. के ए.टी.एम. में राशि डालने वाले कर्मचारियों द्वारा राशि गबन करने का मामला सामने आया है, जिस पर थाना स्वारघाट में आई.पी.सी. की धारा 406 के तहत मामला दर्ज करके तफ्तीश की जा रही है।