Edited By Punjab Kesari, Updated: 15 Jul, 2017 01:12 AM
कांगड़ा जिला के अंतर्गत आते 3 अलग-अलग स्थानों पर पुलिस ने सफलता हासिल करते हुए 3 लोगों को नशीले पदार्थों सहित गिरफ्तार किया है।
पालमपुर/नूरपुर: कांगड़ा जिला के अंतर्गत आते 3 अलग-अलग स्थानों पर पुलिस ने सफलता हासिल करते हुए 3 लोगों को नशीले पदार्थों सहित गिरफ्तार किया है। पहले मामले में पंचरुखी थाना के अंतर्गत आती आई.टी.आई. सलियाणा के समीप पुलिस ने एक व्यक्ति से 50 ग्राम चरस बरामद की। पुलिस को यह सफलता पैट्रोलिंग के दौरान मिली। आरोपी की पहचान रंजीत सिंह निवासी पढिय़ारखर के रूप में की गई है। पुलिस ने इस प्रकरण में एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
733 ग्राम चरस सहित एक धरा
दूसरे मामले में पुलिस ने बैजनाथ के समीप बटवाली खड्ड के नजदीक भट्टू संपर्क मार्ग पर पैदल आ रहे एक युवक से 733 ग्राम चरस बरामद की। पुलिस ने मामला बैजनाथ थाना में दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार 27 वर्षीय पवन कुमार पुत्र साधु राम निवासी गांव धार डाकघर थलटूखोड को गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया है। डी.एस.पी. पूर्ण चन्द ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को शनिवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
टिप्परी में युवक से 1.270 किलो भुक्की बरामद
तीसरे मामले में पुलिस थाना नूरपुर की चौकी कंडवाल के तहत गांव टिप्परी में एक युवक को 1 किलो 270 ग्राम भुक्की सहित गिरफ्तार किया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कंडवाल पुलिस ने गांव टिपरी में नाका लगाया हुआ था तो डमटाल की तरफ से शशिपाल गांव डमटाल अपनी स्कूटी पर सवार होकर कंडवाल की तरफ आ रहा था। जब उसे रोक कर उसकी स्कूटी कीजांच की गई तो डिक्की से 1 किलो 270 ग्राम भुक्की बरामद हुई, जिस पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया गया। डी.एस.पी. मेघनाथ चौहान ने कहा कि पुलिस ने एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।