Edited By Punjab Kesari, Updated: 24 Dec, 2017 04:28 PM
हिमाचल के 13वें सीएम बनने के बाद जयराम ठाकुर की मां ने पहला इंटरव्यू दिया। जयराम की मां बृकु देवी ने कहा कि उनका बेटा मुख्यमंत्री बना है उन्हें बहुत खुशी हुई। उन्होंने इस बात पर पूरे हिमाचल को बधाई भी दी है।
सुंदरनगर (नितेश): हिमाचल के 13वें सीएम बनने के बाद जयराम ठाकुर की मां ने पहला इंटरव्यू दिया। जयराम की मां बृकु देवी ने कहा कि उनका बेटा मुख्यमंत्री बना है उन्हें बहुत खुशी हुई। उन्होंने इस बात पर पूरे हिमाचल को बधाई भी दी है। वहीं सुंदरनगर में जयराम के मुख्यमंत्री बनने पर जश्न का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के मुताबिक जय राम ठाकुर का परिवार नहीं चाहता था कि वह राजनीति में जाएं, लेकिन उन्होंने अपने दम पर बुलंदियों को छुआ है। भाजपा नेता जयराम विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मुराहग के तांदी गांव के रहने वाले हैं। 6 जनवरी 1965 को जेठू राम और बृकु देवी के घर जन्मे जयराम का बचपन गरीबी में कटा।
उन्होंने कुराणी स्कूल से प्राइमरी करने के बाद बगस्याड़ स्कूल से उच्च शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद वह मंडी आए और यहां से बीए करने के बाद पंजाब यूनिवर्सिटी से एमए की पढ़ाई पूरी की। वह एक बार सराज मंडल भाजपा के अध्यक्ष, एक बार प्रदेशाध्यक्ष, राज्य खाद्य आपूति बोर्ड के उपाध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं। जब वह भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष थे तो भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में आई थी। उन्होंने उस दौरान सभी नेताओं पर अपनी जबरदस्त पकड़ बनाकर रखी थी और पार्टी को एकजुट करने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। यही कारण है कि आज इस नेता का नाम शीर्ष पद को लेकर सुर्खियों में है।