Edited By Punjab Kesari, Updated: 10 Jun, 2017 09:34 PM
अपने एकदिवसीय चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाने साधे।
बड़ूही: अपने एकदिवसीय चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाने साधे। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार में पिछले 3 वर्षों में भ्रष्टाचार का एक भी मामला नहीं हुआ जबकि प्रदेश का मुखिया भ्रष्टाचार के चलते न्यायालय से जमानत पर चल रहा है और हैरत की बात है कि उसकी जमानत पर चाटुकार मिठाइयां बांट रहे हैं। उन्होंने खरयालता और बैरियां में जनसभाएं करते हुए कहा कि आज देश नरेंद्र मोदी की अगुवाई में आगे बढ़ रहा है और देश का मान-सम्मान दुनिया में बढ़ा है।
मोदी की सरकार ने भरा सरकारी खजाना
इस दौरान उन्होंने कहा कि आज हिमाचल को करोड़ों रुपए की सौगातें केंद्र ने दी हैं लेकिन प्रदेश सरकार की नालायकी के चलते परियोजनाओं की डी.पी.आर. तक तैयार नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि जिस कोयले की दलाली में कांग्रेस का मुंह भी काला हो गया, उसी कोयले की केवल 80 खदानों को बेचकर हजारों करोड़ रुपए से सरकारी खजाना अगर किसी ने भरा है तो वह नरेंद्र मोदी की सरकार ने भरा है।
भ्रष्ट सरकार से मुक्ति चाहता है हिमाचल
उन्होंने कहा कि आज हिमाचल भी भ्रष्ट सरकार से मुक्ति चाहता है और जल्द ही चुनाव आने वाले हैं और यहां से राजा तो राजा वजीर भी दिखाई नहीं देंगे। इस अवसर कुटलैहड़ के विधायक वीरेंद्र कंवर, पूर्व विधायक बलबीर चौधरी, मंडल भाजपा अध्यक्ष शाम सिंह मिन्हास, चिंतपूर्णी भाजपा प्रभारी ओंकार नाथ कसाना, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य पवन ठाकुर व खरयालता के पूर्व प्रधान सुखदेव शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।