Edited By Punjab Kesari, Updated: 25 Jul, 2017 10:16 AM
हमीरपुर के सांसद अनुराग ठाकुर ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को पत्र लिखकर...
ऊना (सुरेन्द्र): हमीरपुर के सांसद अनुराग ठाकुर ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को पत्र लिखकर जिला ऊना के कानून व्यवस्था पर चिंता जताई है। मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में उन्होंने कहा कि पिछली रात ऊना में 4 चोरियां हुईं। इसके अतिरिक्त ऊना शहर के वार्ड नंबर 4 में एक लड़की को बंधक बनाकर लूट और चोरी का मामला भी सामने आया है। ऐसा जिला में पहली बार हुआ है कि किसी को बंधक बनाकर चोरी को अंजाम दिया गया हो। उन्होंने आगे कहा कि जिला ऊना में पिछले 5 वर्षों से कानून नाम की कोई व्यवस्था नहीं है।
जनता का भरोसा कानून व्यवस्था से उठता जा रहा
पुलिस असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने में पूर्णतया असफल रही है। जिला में नशा माफिया व वन माफिया अपने चरम पर है। ड्रग्स की लत पूरी करने के लिए युवा चेन स्नैचिंग और बाकी गैर-कानूनी हरकतें कर रहे हैं। अनुराग ने मुख्यमंत्री को लिखा कि राज्य के गृहमंत्री होने के नाते भी कानून और सुव्यवस्था की जिम्मेदारी उनकी बनती है इसलिए राज्य में बढ़ते जुर्म तथा खराब होती कानून व्यवस्था का संज्ञान लें और जनता का भरोसा जो कानून व्यवस्था से उठता जा रहा है उसको दोबारा बहाल करने की दिशा में कड़े कदम उठाएं।