Edited By Punjab Kesari, Updated: 06 Jul, 2017 03:22 PM
माना जाता है कि कैलाश मानसरोवर की यात्रा के बाद सबसे कठिन यात्रा बाबा बर्फानी (अमरनाथ) की है लेकिन क्या आप जानते है कि इसकी यात्रा से भी कठिन श्रीखंड महादेव की यात्रा है।
आनी: माना जाता है कि कैलाश मानसरोवर की यात्रा के बाद सबसे कठिन यात्रा बाबा बर्फानी (अमरनाथ) की है लेकिन क्या आप जानते है कि इसकी यात्रा से भी कठिन श्रीखंड महादेव की यात्रा है। बताया जाता है कि इस यात्रा के शुरू होने से पहले ही निकले चार युवकों में से एक लापता हो गया है। लापता युवक अभिषेक खरबंदा चंडीगढ़ का बताया जा रहा है। पुलिस टीम अभी कुछ देर पहले लापता युवक का पता लगाने रवाना हो गई है। चारों युवक पहली जुलाई को श्रीखंड महादेव यात्रा पर निकले थे, वापसी पर इनमें से एक युवक रास्ते से लापता हो गया। श्रीखंड यात्रा अभी आधिकारिक तौर पर शुरू नहीं हुई है। यह 15 जुलाई से लेकर 30 तक आयोजित की जाएगी। लेकिन सोलन के रहने वाले राहुल, सचिन व चंडीगढ़ के रहने वाले अभिषेक खरबंदा और वीरेंद्र रावत आधिकारिक तौर पर यात्रा शुरू होने से पहले ही पहली जुलाई को दर्शनों के लिए निकल गए थे।
डीएसपी ने अभिषेक के लापता होने की पुष्टि की
डीएसपी आनी बलदेव ठाकुर ने अभिषेक के लापता होने की पुष्टि की है। बताया जाता है कि अभिषेक चलते-चलते थक गया था और वह वहां पर ही आराम करने लगा। उसके दोस्त उसे वहीं छोड़ कर आगे निकल गए। कुछ दूरी पर जाने के बाद वह उसका इंतजार करने लगे, लेकिन अभिषेक नहीं आया। उसके दोस्तों ने उसे ढूंढने की बहुत कोशिश की, लेकिन वह नहीं मिला। जिस जगह पर ये चारों थे वहां मोबाइल का सिग्नल भी नहीं था। बाद में गुरुवार देर शाम उन्होंने मोबाइल का सिग्लन आने पर तहसीलदार आनी को इस बात की सूचना मुहैया करवाई। इस बारे में डीएसपी बलदेव ठाकुर का कहना है कि चार युवकों से एक युवक लापता हो गया है।