Edited By Punjab Kesari, Updated: 24 Jul, 2017 10:34 AM
हिमाचल कांग्रेस के 6 विधायकों और कुछ पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के खिलाफ बगावत का झंडा बुलंद कर दिया है।
शिमला: हिमाचल कांग्रेस के 6 विधायकों और कुछ पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के खिलाफ बगावत का झंडा बुलंद कर दिया है। इसी संबंध में कांग्रेस नेताओं ने सी.एम. के खिलाफ पार्टी हाईकमान को एक शिकायत पत्र भेजा है। इसमें मुख्यमंत्री के नेतृत्व पर सवाल उठाए गए हैं और उन्हें मुख्यमंत्री पद से हटाने की मांग की गई है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू को भी प्रेषित की गई है। हालांकि उन्होंने विधायकों के नामों का खुलासा नहीं किया लेकिन शिकायत करने वाले विधायकों की संख्या 6 जरूर बताई है।
कई मंत्री, विधायक गुड़िया मामले में मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए बयानों से आहत
सूत्रों के अनुसार सरकार में बैठे कई मंत्री, विधायक व पदाधिकारी मुख्यमंत्री के गुड़िया मामले में दिए गए बयानों से बेहद आहत हैं। पत्र के माध्यम से विधायकों ने आरोप लगाया है कि सरकार इस गंभीर मामले से निपटने में सियासी फ्रंट पर फेल रही है। ऐसे में विधायकों ने मुख्यमंत्री को उनके पद से हटाने की बात कही है। विधायकों ने पत्र में यह भी कहा कि मुख्यमंत्री को पद से हटाकर कांग्रेस सलाहकार परिषद में शामिल किया जाए।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष दिल्ली जाकर हाईकमान से कर सकते हैं चर्चा
पार्टी अध्यक्ष होने के नाते वह शिकायत पत्र को आलाकमान के ध्यान में लाएंगे। ऐसे में माना जा रहा है कि इस सिलसिले में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष खुद दिल्ली जाकर हाईकमान से चर्चा कर सकते हैं। यह पत्र बम ऐसे वक्त में फोड़ा गया है जब हिमाचल गुड़िया मामले में अत्यंत संवेदनशील हालात से गुजर रहा है। विशेष है कि प्रदेश में इस वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में कांग्रेस चुनाव से पहले ही आपस में उलझ गई है जिसका पार्टी को विस चुनाव में खमियाजा भी भुगतना पड़ा सकता है।
मेजर पहले ही खोल चुके मोर्चा
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के खिलाफ पूर्व मंत्री मेजर विजय सिंह मनकोटिया पहले ही मोर्चा खोल चुके हैं। इसके तहत वह कांग्रेस को बचाने के लिए वीरभद्र को मुख्यमंत्री पद से हटाने तक की बात कह चुके हैं, वहीं अब 6 विधायकों ने कांग्रेस हाईकमान और पार्टी प्रदेशाध्यक्ष को पत्र लिख कांग्रेस के विधानसभा चुनाव में उतरने से पहले ही राजनीति गर्मा दी है।