Edited By Punjab Kesari, Updated: 10 Dec, 2017 07:10 PM
उपमंडल रोहड़ू़ के अंतर्गत आते 2 अलग-अलग स्थानों पर हुए भीषण अग्निकांडों में 2 घर जलकर राख हो गए।
रोहड़ू: उपमंडल रोहड़ू़ के अंतर्गत आते 2 अलग-अलग स्थानों पर हुए भीषण अग्निकांडों में 2 घर जलकर राख हो गए। पहले मामले में चिढ़गांव तहसील के तहत रोहल के चिचवाड़ी गांव में 3 मंजिला मकान में आग लगने से लगभग 10 लाख रुपए की संपति का नुक्सान हो गया। दोपहर के समय 1.30 बजे लगी इस आग से 4 परिवार प्रभावित हुए हंै। जानकारी के अनुसार चिचवाड़ी गांव के निवासी शावणु राम, जिया लाल पुत्र शावणु राम, बिट्टू राम पुत्र शावणु राम व नीटू राम पुत्र शावणु राम का 3 मंजिला मकान आग की चपेट में आ गया।
2 गैस सिलैंडरों के फटने से तेजी से फैली आग
गांववासियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन घर में रखे 2 गैस सिलैंडरों के फट जाने से आग तेजी के साथ फैल गई और कुछ भी न बचाया जा सका। गनीमत यह रही कि आग लगने के समय कोई भी सदस्य घर पर नहीं था नहीं तो हादसे का मंजर कुछ और ही होता। घटना का पता चलते ही प्रशासन व पुलिस मौके पर पहुंचे तथा प्रशासन की ओर से प्रभावितों को 5000 रुपएअंतरिम राहत के रूप में प्रदान की। गौरतलब है कि वर्ष 2011 में भी शावणु राम का मकान जल कर खाक हो गया था। अभी मकान बनकर तैयार हुआ ही था कि दोबारा यह घटना घट गई।
पटसारी के समीप दोमंजिला मकान स्वाह
दूसरे मामले में पटसारी के समीप दोमंजिला मकान जलकर राख होने से लाखों का नुक्सान हो गया है। मिली जानकारी के अनुसार मंडोल निवासी नेहर सिंह के पटसारी के समीप दोमंजिला मकान में शनिवार रात 8 बजे आग लग गई। मकान लकड़ी से बना हुआ था। बताया जा रहा है कि इस मकान में मजदूर रहते थे। इस घटना में 2 लाख रुपए की संपत्ति को नुक्सान पहुंचा है। इस आगजनी में किसी भी प्रकार का जानी नुक्सान नहीं हुआ। आग लगने का कारण बिजली का शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। रोहड़ू के डी.एस.पी. अशोक वर्मा ने मामले की पुष्टि की है।