Edited By Updated: 26 Jul, 2016 08:42 PM
ग्राम पंचायत धरोग के गांव कैहडरू में मंगलवार दोपहर अपने घर में खेल रहे एक 12 वर्षीय बच्चे की करंट लगने से मौत हो गई।
टिक्कर-डिडवीं: ग्राम पंचायत धरोग के गांव कैहडरू में मंगलवार दोपहर अपने घर में खेल रहे एक 12 वर्षीय बच्चे की करंट लगने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार शेर सिंह अपने माता-पिता व 2 बड़े भाइयों के साथ संयुक्त परिवार में रहता है। मंगलवार को वह दुकान पर वैल्डिंग का काम करने गए थे और परिवार के शेष सदस्य अपने-अपने काम में लगे हुए थे।
दोपहर करीब 2 बजे शेर सिंह का बड़ा बेटा 12 वर्षीय शिंपू अपने कमरे में म्यूजिक सिस्टम को चलाने की कोशिश कर रहा था। ज्यों ही उसने स्विच दबाया कि शू पिनें नंगी होने के कारण उसकी अंगुलियां उससे छू गईं और वह करंट की चपेट में आ गया। हालांकि इसी दौरान उसके चिल्लाने की आवाज पर परिजन पहुंचे मगर तब तक उसने दम तोड़ दिया था।
जानकारी के अनुसार शिंपू उस समय नंगे पांव था। शिंपू डिडवीं स्कूल में 7वीं कक्षा में पढ़ता था। उधर, इस घटना की सूचना मिलते ही पंचायत उपप्रधान सुनील कुमार सहित गांव के अन्य लोग भी उनके घर पहुंच गए थे। इस घटना से क्षेत्र में भी शोक की लहर दौड़ गई है। हालांकि पुलिस में शिकायत न होने के कारण मामला दर्ज नहीं हुआ है।