Edited By Updated: 25 Sep, 2016 06:38 PM
एक महिला ने रविवार की सुबह रावी नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली।
चम्बा: एक महिला ने रविवार की सुबह रावी नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने महिला के शव को राजपुरा नामक स्थान पर नदी से बरामद कर कब्जे में लेकर क्षेत्रीय चिकित्सालय में पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामले को सीआरपीसी की धारा 174 के तहत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक महिला की पहचान 33 वर्षीय अनीता (रिकी) पत्नी कैलाश चंद निवासी गांव भगनपुरा के रूप में की गई है।
जिला पुलिस प्रवक्ता वीर बहादुर सिंह ने बताया कि मृतक महिला के पति कैलाश चंद ने बताया कि हर सुबह की तरह रविवार को वह अपनी पत्नी के साथ करीब 5 बजे सैर को निकला था। परेल पुल के पास उसकी पत्नी कुछ पीछे हो गई। इस पर उसने अपनी पत्नी को जब साथ चलने के लिए कहा तो उसने कहा कि आप चलो मैं आती हूं। मन में कुछ शंका होने पर जब पति ने पीछे मुड़ कर देखा तो अनीता ने परेल पुल के ऊपर से रावी नदी में छलांग लगा दी। इस पर कैलाश ने मौके पर पहले तो शोर मचाया फिर इसके बारे में परिवार वालों को सूचित किया।
पुलिस को जब इस घटना के बारे में सूचना मिली तो उसने तुरंत अनीता को तलाशने के लिए खोजी अभियान चला दिया। सुबह करीब साढ़े 7 बजे पुलिस को राजपुरा के पास नदी में अनीता का शव तैरते हुए मिल गया। पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसके परिजनों को सौंप दिया। अब तक जांच में यह सामने आया है कि महिला ने मानसिक परेशानी के चलते आत्महत्या की है।